विज्ञापन

तेरे टीके के नीचे (भाई दूज गीत)

User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            तेरे टीके के नीचे (भाई दूज गीत)
        
                                                    
                            

भाई दूज की थाली लेकर,
बहना ताके द्वार।
उसकी आँखों में ठहरा है,
बचपन का संसार॥

यमुना ने जब यम को अपने,
घर में दिया सत्कार।
देव नहीं, भाई बन बैठे,
पाकर बहन का प्यार॥

तब से रोली के टीके में,
बसता यह विश्वास।
लम्बी हो भैया की उमरिया,
यही हृदय की आस॥

तेरी उँगली माथा छूती,
भीग उठे दो नैन।
तेरे हाथ की इस छुअन से,
मन को मिलता चैन॥

थाली में पकवान सजे हैं,
वही पुराना स्वाद।
तेरे हाथ का कौर जगा दे,
माँ के घर की याद॥

अब शहरों में बँट गए हैं,
अपने दिन औ रात।
फिर भी मेरे थके स्वरों से,
पढ़ लेती तू बात॥

कितनी दूजें बीत गई थीं,
कहते—अगली बार।
रोली सूखी, आस न सूखी,
तू तकती थी द्वार॥

आज घड़ी को दूर रख दिया,
छोड़े सारे काम।
तेरी बातें सुनते-सुनते,
ढलने दूँगा शाम॥

तेरी सूनी साँझ में बहना,
बैठूँ तेरे साथ।
तूने मेरा माथा छूकर,
थामा मेरा हाथ॥

उम्र ढले, माथे पर उभरें,
रेखाएँ हज़ार।
तेरे टीके के नीचे मैं,
बच्चा हूँ हर बार॥
— संतोष कुमार शर्मा ‘विश्वम्’
40 minutes ago
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11210 कविताएं

View Profile