गीत मैंने कभी भी जो गाए नहीं,
वो कहानी कभी जो सुनाए नहीं।
वेदना थी या था शोर मन का मेरे,
तुमने सुने भी नहीं, हम सुनाए नहीं।
अश्रु पलकों पे ठहरे, बहाए नहीं,
दर्द दिल में था जो, वो बताए नहीं।
मौन की ओट में मन सिमटता रहा,
तुमने पढ़े भी नहीं, हम पढ़ाए नहीं।
ख़्वाब आँखों में पलते रहे रात भर,
चाँदनी भी रही मौन बरसात भर।
दास्तान ज़िंदगी की अधूरी रही,
तुमने पूछा नहीं, हम बताए नहीं।
शब्द अधरों तलक आ के रुकते रहे,
भाव मन ही मन में सिसकते रहे।
एक रिश्ता था ख़ामोशियों का मगर,
हमने चाहा बहुत, तुमने निभाए नहीं।
द्वंद्व के शूल दिल में जो चुभने लगे,
दीप उम्मीद के भी जो बुझने लगे।
अभिव्यक्तियों के अधरों पे पहरे लगे,
मौन की कैद तब मुक्ति लगने लगे॥
-प्रदोष सिंह