विज्ञापन

पहला दीप उसी के पास जलाऊ

User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मेरे घर भी दीवाली है
        
                                                    
                            

जिन हाथों ने दीप गढ़े,
जिनसे रात उजियाली है,
उनकी भी आवाज़ सुनो—
मेरे घर भी दीवाली है।

चाक थमा, पर आस न टूटी,
बिटिया ने बाती सँभाली है।
दो दीप बिकें तो तेल ले जाऊँ—
मेरे घर भी दीवाली है।

सब लौटे, मैं फाटक पर हूँ,
मेरे हिस्से रखवाली है।
फ़ोन पे घर का दीप निहारूँ—
मेरे घर भी दीवाली है।

जिस घर की छत मैंने ढाली,
उस पर दीपों की लाली है।
आज मेरी मज़दूरी दे दो—
मेरे घर भी दीवाली है।

मिल में दिन भर कपड़ा बुना,
बिटिया की फ़्रॉक बना ली है।
वो पहन के हँसी तो लगा—
मेरे घर भी दीवाली है।

भोर से गलियाँ बुहार आई,
अब अपनी देहरी धो डाली है।
आज पोती संग रंगोली भरूँगी—
मेरे घर भी दीवाली है।

औरों के घर रोटियाँ सेंकीं,
बच्चों ने थाली लगा ली है।
आज मैं भी उनके संग बैठूँगी—
मेरे घर भी दीवाली है।

दिन भर गेंदे की मालाएँ बेचीं,
अब माँ की तस्वीर सजा ली है।
पहला दीप उसी के पास जलाऊँ—
मेरे घर भी दीवाली है।

आज रिक्शा घर को मोड़ूँ,
बिटिया ने मिठाई बचा ली है।
वो सोए, उससे पहले लौटूँ—
मेरे घर भी दीवाली है।

अपनी देहरी पर हमने,
दीपों की कतार सजा ली है।
मेहनत का पूरा मोल दें—
उनके घर भी दीवाली है।
— संतोष कुमार शर्मा ‘विश्वम्’
49 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11210 कविताएं

View Profile