विज्ञापन

मन की देहरी पर (दीपावली गीत)

User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मन की देहरी पर (दीपावली गीत)
        
                                                    
                            

आँगन-आँगन दीप जले हैं,
देहरी-देहरी प्यार।
सूने मन तक भी पहुँचाएँ,
इस उत्सव का उजियार॥

झाड़ लिया घर का हर कोना,
चमक उठे दालान।
मन की गाँठें भी खुल जाएँ,
मिट जाए अभिमान॥

थके हुए तन को सहला दें,
मन को दें विश्राम।
अपनी ही साँसों में सुन लें,
धीरे-धीरे राम॥

दीपक की कुछ ज्योति सँजो लें,
मन से तजें विकार।
पूजा की थाली से आगे,
उजले हों व्यवहार॥

रीत न केवल दीप जलाना,
रीत निभाना साथ।
पीढ़ी से पीढ़ी तक पहुँचे,
प्यार भरा यह हाथ॥

माँ ने सबके दीप सजाए,
जागीं कितनी रात।
आज उन्हीं के पास बैठकर,
सुन लें मन की बात॥

पिता हवा से दीप बचाते,
ओट बने हर बार।
उनकी ढलती साँझ में रख दें,
ख़ुशियों का उपहार॥

एक छत के नीचे रहकर,
क्यों हो मन में दूरी?
मिलकर हँस लें, गले लगा लें,
तब हो पूजा पूरी॥

धर्म अगर आचरण न बदले,
कैसा वह संस्कार?
एक दिया उस घर भी रख दें,
सूना जिसका द्वार॥

दीप बुझे तो भी न बुझे यह,
मन से मन का प्यार।
एक रात का पर्व न रहकर,
जीवन बने त्योहार॥
— संतोष कुमार शर्मा ‘विश्वम्’
37 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11209 कविताएं

View Profile