विज्ञापन

उसके उठते पाँवों में दिखा प्रार्थना का फल।

User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            जब मन से करुणा उमड़ी, प्रार्थना बन गई,
        
                                                    
                            
मौन हृदय की धड़कन भी वंदना बन गई।
मंदिर की सीढ़ी पर भूखा श्रमिक दिखा तो
उसकी क्षुधा मिटाना ही मेरी साधना बन गई।

दीपशिखा के सम्मुख मेरी विनती सहसा ठहर गई,
उसकी रिक्त हथेली पर मेरी दृष्टि उतर गई।
मैंने अपने हिस्से की रोटी उसके आगे रखी,
उसकी सहज हँसी मुझे दिव्य प्रसाद दे गई।

जिससे वर्षों का मनमुटाव है, उसकी सुध आई,
आज किसी ने उसके रोग की बात बताई।
उसकी हँसी स्मरण हुई तो मन भर आया,
मैंने उसकी कुशलता की प्रार्थना मन में दोहराई।

साँझ ढली, वृद्धा की देहरी पर नीरवता छाई,
काँपती उँगलियों से वह बाती जला नहीं पाई।
मैं दीप जलाकर चुपचाप उसके पास बैठ गया,
तब उसने बरसों की अनकही व्यथा मुझे सुनाई।

प्रियजन की अंतिम यात्रा के बाद संध्या ढली,
उसके सूने घर में एक लौ रातभर जली।
मैं शोकमग्न मित्र के पास निःशब्द बैठा रहा,
मेरे मौन सान्निध्य में उसकी जमी व्यथा पिघली।

वर्षों का मनमुटाव लिए मैं उसके घर आया,
अपने हाथों से उसे आज औषधि का घूँट पिलाया।
उसने मौन रहकर मेरे लिए आसन खींच दिया,
उस छोटे से संकेत ने वर्षों का अंतर मिटाया।

मेरे पात्र में थोड़ा अन्न, उसके पास जल,
राह में मिला पथिक, जिसके पाँव हुए निर्बल।
हमने अपना अंश दिया, वह तृप्त हुआ तो
उसके उठते पाँवों में दिखा प्रार्थना का फल।

मन की करुणा सबके लिए मंगलकामना बन गई,
गिरते को थामने की चेष्टा अर्चना बन गई।
जो हाथ कभी अपने लिए ही उठते रहे,
उनका किसी के लिए बढ़ना ही प्रार्थना बन गई।
- संतोष कुमार शर्मा ‘विश्वम्’
2 दिन पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

RATAN KUMAR

968 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7772 कविताएं

View Profile

Suman Tripathi

15 कविताएं

View Profile