ख़ुद अपनी हर दलील का तरफ़दार नहीं हूँ मैं,
सबको समझ लूँ, इतना समझदार नहीं हूँ मैं।
तेरा जाना सच है, पर दिल मानता कब है,
अभी उस सच में रहने को तैयार नहीं हूँ मैं।
मुझे चुप देखकर दुनिया से रूठा क्यों समझते हो,
दुखी हूँ, ज़िंदगी से फिर भी बेज़ार नहीं हूँ मैं।
मुझे अपनाकर मुझको ही बदलना चाहते हो तुम,
तुम्हारी इस मोहब्बत का ख़रीदार नहीं हूँ मैं।
मेरी ग़लती बताओ, मानने से कब मैं डरता हूँ,
मगर हर टूटते रिश्ते का गुनहगार नहीं हूँ मैं।
तेरे ख़त रख लिए, अपना भी मान सँभाला है,
तुझे याद करूँ, तो क्या ख़ुद्दार नहीं हूँ मैं?
तेरी फ़ुर्सत पर अपना हक़ जताऊँ भी तो कैसे,
मोहब्बत है, तेरे हर पल का हक़दार नहीं हूँ मैं।
सभी की मुश्किलें आसान करने को चला था मैं,
मगर अपनी मुसीबत में मददगार नहीं हूँ मैं।
खुला दर है, मगर बाहर निकलने से झिझकता हूँ,
ये कैसी क़ैद—जिसमें गिरफ़्तार नहीं हूँ मैं।
तुम किससे मिलो, किससे नहीं—मैं क्यों बताऊँ,
तुम्हारा हमसफ़र हूँ, कोई पहरेदार नहीं हूँ मैं।
ख़ुद से किए वादे भी कभी पूरे किए होते,
सभी का हूँ, मगर ख़ुद का वफ़ादार नहीं हूँ मैं।
मुझे इक नाम देकर तुम मुकम्मल मान बैठे हो,
किसी इक नाम में बँधा हुआ किरदार नहीं हूँ मैं।
- संतोष कुमार शर्मा