धन का मूल्य
धन ही माता, धन ही पिता—
ऐसा कहता है संसार;
धन से मिलते सुख-साधन,
वैभव, सुविधा और सत्कार।
धन के बिना जीवन कठिन,
ज्यों तन बिना प्राण;
आवश्यकताओं की पूर्ति में
धन का है महत्त्व महान।
रोग-शोक में साथ निभाए,
शिक्षा का भी बने आधार;
पर आवश्यकता से अधिक धन
कर देता मन को लाचार।
नई-नई गाड़ियाँ, ऊँचे भवन,
सुविधाओं का अंबार;
यदि स्वास्थ्य और शांति न रहे,
तो सब वैभव है बेकार।
धन तभी है सार्थक,
जब आए किसी के काम;
दीन-दुखी का हाथ थामे,
सेवा से पाए सच्चा नाम।
धन यदि केवल अपने लिए हो,
तो बन जाता है अभिमान;
बाँट दिया जाए ज़रूरतमंदों में,
तो बढ़ता उसका मान।
आओ ऐसा धन कमाएँ,
जिसमें हो सेवा का भाव;
मानवता की राह पर चलकर
जीवन पाए सच्चा प्रभाव।
क्योंकि धन की असली कीमत
उसमें नहीं जो पास रहे;
उसमें है जो बाँटने पर
किसी के जीवन में
उजियारा करे।
- नीरजा वकील नीर