पुरानी तस्वीर
पुरानी तस्वीर अब
बदल रही ,
अतीत औ वर्तमान के
सरोकारों को सहेज रही ।
पल - पल बदलती
दुनिया औ उसके मसले,
पुरानी तस्वीर सब देखती जा रही ।
संस्कार संस्कृति को
समेट निर्विकार रूप
से जी रही ।
कोई तो हो जो
झांके इस पुरानी
तस्वीर में,
जानेगा की दुनिया
कितनी बदलती जा रही।
अब भी दुनिया
' साहिर ' की नज़र
से नज़रें नहीं मिला रही।
बस दुनिया वैसी ही
दोरंगी है,
एक तरफ से रेशम ओढ़े
एक तरफ से नंगी है!
बस यही पुरानी तस्वीर,
आज भी जता रही।
आधी आबादी आज
भी वही कमोबेश
दोहरी जिम्मेदारी
निभा रही।
पुरानी तस्वीर अब
सब वही तो दिखा
रही।
गुरबत* का कड़वा शरबत,
आज भी सारी इंसानी नस्लें
पीती जा रही,
*गरीबी
चंद चांदी के सिक्के
वाली कौम,
जाम दर जाम गटकती जा रही,
बस इंसानियत अब
भी जंग की धांस सूंघती जा रही,
पुरानी तस्वीर ,शैतान
का अक्स जस का तस दिखला रही।
कोई सियासत कोई
निज़ाम कोई तज़वीज़,
पुरानी तस्वीर से इतर
नज़र नहीं आ रही।
यूं तो जम्हूरियत है
और सियासत के
सब्ज़ बाग़ हैं।
पर पुरानी तस्वीर
अब भी नई नकोर सी,
नई दुनिया से गलबहियां करती
नज़र आ रही।
-सूर्यकांत शर्मा