कोरा कागज जीवन का अब कोरा न रह गया,
भरते-भरते खाली से अब पूरा ही भर गया।
रंग-बिरंगी स्याही से कितने लेख लिखे गए,
क्या अच्छा, क्या बुरा हुआ, सब निशान बन गए।
कहीं खुशी के फूल खिले, कहीं दर्द के काँटे थे,
कहीं अपने साथ खड़े थे, कहीं पराए थे।
कहीं प्रेम की गाथा लिखी, कहीं विरह का राग रहा,
कहीं जीत का जश्न मना, कहीं हार का दाग रहा।
कभी कलम उम्मीद बनी, कभी अश्रु की धार ,
कभी समय की चोटों से हर पंक्ति लाचार ।
कुछ पन्नों पर नाम लिखे, कुछ चेहरे मिटते गए,
कुछ रिश्ते इतिहास बने, कुछ पल बिखरते गए।
जो पढ़ने बैठा ध्यान से, वह अर्थ समझ न पाया,
किसने कितना दर्द सहा, कोई भेद नहों जान पाया।
हँसते चेहरे के पीछे कितने राज छिपे रहते हैं,
जीवन के इस लेखे में कितने घाव दिखते हैं।
अब अंतिम पृष्ठ निकट है, कलम भी थकने वाली है,
समय की अंतिम स्याही भी शायद सूखने वाली है।
पर कर्मों की खुशबू से यह कागज महकता जाएगा,
इंसान चला जाएगा, लेख अमर रह जाएगा।
न कोई पन्ना फिर बदलेगा, न कोई लेख मिटाएगा,
जो जैसा लिखकर गया यहाँ, वैसा ही पढ़ा जाएगा।
जीवन का यह कोरा कागज सबको एक दिन भरना है,
कैसे लिखना है इस पर, यह अपने हाथ में करना है।
-सूबा लाल 'अंजाना'