विज्ञापन

मैंने ठहरा लेना चाहा, बह रही समय की धारा को

Somesh Sharma

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मैंने ठहरा लेना चाहा, बह रही समय की धारा को.
        
                                                    
                            

निज एकाकीपन को मैंने, सपनों से भर लेना चाहा,
क्षणभंगुर नश्वर जीवन को,चिर शाश्वत कर लेना चाहा.
बहते पानी की धारा मे, रख रहा नींव निज आलय की.
चख कर देखी मदिरा हमने, जा जा कर हर मदिरालय की.
कर सका बंद कब मुट्ठी में, कोई भी बिखरे पारा को.
मैंने ठहरा लेना चाहा, बह रही समय की धारा को.

मैंने अपने दो नयनों में, भर लेना चाहा इंद्रचाप,
मन के छोटे से प्याले से, चाहा, लूँ सारा सिंधु नाप.
था रहा भागता, छू लेने, अनजान क्षितिज, दिखता सुदूर,
मन पात्र, कूप में इस जग के, जितना भरता, उतना अपूर.
सुन सका नहीं कोलाहल में, अंतरतम के इकतारा को.
मैंने ठहरा लेना चाहा, बह रही समय की धारा को.

ज्यों श्वान निरंतर यत्न करे, अपनी ही पूँछ पकड़ने को ,
मधु ऋतू मे भूले ज्यों मदांध,तरुवर पत्तों के झड़ने को.
जलती चिताओं में,मैं अपना जलना ही देख नहीं पाया,
ढलते सूरज में, मैं अपना ढलना ही देख नहीं पाया.
आबद्ध रहा आवास समझ , अपनी मन कल्पित कारा को.
मैंने ठहरा लेना चाहा, बह रही समय की धारा को.
-सोमेश शर्मा
 
56 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

RATAN KUMAR

968 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7772 कविताएं

View Profile

Suman Tripathi

15 कविताएं

View Profile