विज्ञापन

तेरी छवि देख-देख, चंद्रिका निहारती।

Saurabh Joshi

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            अंग पे है लाल साड़ी, अरुणिम गाल तेरे,
        
                                                    
                            
अधरों की लालिमा ये, भोर-सी सुहानी है।
बिजली-सी कौंधती है, प्यारी मुस्कान तेरी,
उर में जगा देती, प्रीत ये पुरानी है।

चालीस की वय में भी, षोडशी-सी लगती हो,
रूप के ये राज़ प्रिये, कितने कमाल हैं।
कजरारे नयनों में, डूबता है मन मेरा,
तेरी इस कांति की तो, जग में मिसाल है।

नाक में नथुली सजे, हाथों में कड़ूला सोहे,
भाल पर बिंदी तेरी, खिलता गुलाब है।
अंग में पिछौड़ा सजे, गले गुलोबंद साजे,
तेरे आगे फीका पड़ा, हर इक शबाब है।

पैरों की ये पायल भी, छन-छन छनकती,
हृदय की धड़कन को, पल में बढ़ाती है।
चाल तेरी मतवाली, हिरनी-सी लचकती,
मन में उमंगों की ये, लहर जगाती है।

पुष्पों के उद्यान-सा ये, नूर तेरा खिलता है,
रातरानी की सुगंध, तेरे आगे हारती।
मुखड़े के चंद्रमा से, चाँदनी लजाती रहे,
तेरी छवि देख-देख, चंद्रिका निहारती।

कामदेव-रति भी ये, रूप देख मोहित हैं,
मानो माँ लक्ष्मी स्वयं, भू पर पधारी हैं।
दिव्य रूप-छटा तेरी, देख जग चकित है,
प्रेम की अखंड ज्योति, उर में उतारी है।
— सौरभ जोशी
एक घंटा पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

49 कविताएं

View Profile