विज्ञापन

सुनो पार्थ अब शस्त्र उठा लो, न्याय तभी मिल पाएगा!

Rohit Sharma

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            रात-रात भर जाग तपा जो, उस दीपक का तेल बिका,
        
                                                    
                            
मेहनत की पावन वेदी पर, प्रतिभा का हर खेल बिका।
कपट-व्यूह की इस शाला में, मौन यहाँ हर ज्ञानी है,
श्रमवीरों के भाग्य-लेख पर, छाई घोर कहानी है।
बिना नाम के क्रूर नियति ने, ऐसा जाल बिछाया है,
अंधे हाकिम के सम्मुख यह, कैसा न्याय रुलाया है!
अब छोड़ो याचक की भाषा, शोषक दल घबराएगा,
सुनो पार्थ अब शस्त्र उठा लो, न्याय तभी मिल पाएगा!

उच्च अट्टालिक में बैठे जो, कपट-वृत्त का रस पीते हैं,
श्रमवीरों की अभिलाषा पर, अपना वैभव जीते हैं।
शीश-सिंहासन पर बैठे जो, आँख मूँद मुस्काते हैं,
इस जनता का लहू चूसकर, महफिलों में अठलाते हैं।
तपते धूप-पसीने का वे, पल में मोल चुकाते हैं,
कौड़ी के बदले मेधा को, वे पैरों तले दबाते हैं।
ये दुर्योधन अपनी गद्दी की, खातिर तुम्हें मिटाएगा,
सुनो पार्थ अब शस्त्र उठा लो, न्याय तभी मिल पाएगा!

देश की पावन तरुणाई पर, छाई घोर निराशा है,
राहु-केतु के इस साए में, जलती हर अभिलाषा है।
ज्ञान-पुंज के थाल सजाकर, भटके दर-दर योग्य यहाँ,
मेहनत के बदले किस्मत में, लिखी सिर्फ रुसवाई कहाँ!
बूढ़े बाप की आँखों का जो, तारा बनकर रोता है,
उस बेटे का सुंदर कल, इस कपट-जाल में खोता है।
यह अंधियारा बाणासुर का, तुमको जीवित खा जाएगा,
सुनो पार्थ अब शस्त्र उठा लो, न्याय तभी मिल पाएगा!

कीट-पतंगों जैसे नभ में, श्रम के मोती टूट रहे,
अंधियारे कमरों के सपने, चौराहे पर लूट रहे।
कागज़ के टुकड़ों पर यहाँ, मेधा की अर्थी उठती हैं,
लाखों कंठों की आशाएँ, तिल-तिल करके बुझती हैं।
कौड़ी के बदले बिकती है, विद्या इस बाज़ार यहाँ,
मूक खड़ी है न्याय-व्यवस्था, सुध लेने को कौन यहाँ!
मौन विवश कब तक बैठोगे, यह तो समय गंवाएगा,
सुनो पार्थ अब शस्त्र उठा लो, न्याय तभी मिल पाएगा!

उच्च मुकुट मतवाला होकर, तान दुपट्टा सोया है,
युवा-शक्ति का हनन देखकर, कब कोई भी रोया है.।
कपट-क्रीड़ा के रंग-मंच पर, केवल माया ही चलती,
दोषारोपण की आड़ में, यहाँ जवानी है गलती।
अपनी भूल छुपाने को बस, झूठी रस्में निभाते हैं,
कौक की इस क्रीड़ाशाला में, पापी हाथ हिलाते हैं।
क्या धृतराष्ट्रों के दरबारों से, अधिकार तुम्हारा आएगा,
सुनो पार्थ अब शस्त्र उठा लो, न्याय तभी मिल पाएगा!

तज दो आशा तज दो याचना, तको न कोई तारनहारा,
इस अंधियारे वातावरण में, चमकेगा अब भाग्य तुम्हारा।
वज्र-प्रहार अब करना होगा, इस अंधी तक़दीर के पार,
शीश झुकाए जो बैठे हैं, उनको अब तो लगे कटार।
जब तक सिंहनाद न गूँजेगा, ये असुर न भय से काँपेंगे,
उठो कि अब इस महासमर में, दुष्ट अपनी सीमा मापेंगे!
यदि आज नहीं जागे तुम तो, यह काल तुम्हें खा जाएगा,
सुनो पार्थ अब शस्त्र उठा लो, न्याय तभी मिल पाएगा!

शंखनाद कर कुरुक्षेत्र में, गांडीव की तान लगा,
श्रम की समिधा सुलग रही जो, उसमें अपनी आग जगा।
न्याय न याचक बनकर माँगो, अपना हक तुम छीन लो,
कपट-व्यूह के इन क्रूर विधाताओं का सुख-चैन तुम बीन लो।
रे वीर! तू रुद्र रूप धर, महाकाल सा हुंकार भरो,
युग बदलेगा, न्याय मिलेगा, तुम क्रांति का शृंगार करो!
जब युवा रक्त ही खौलेगा, तब सोया तंत्र जगाएगा,
सुनो पार्थ अब शस्त्र उठा लो, न्याय तभी मिल पाएगा!

— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'
एक घंटा पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Anil Pandey

572 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7755 कविताएं

View Profile

Yunush khan

8294 कविताएं

View Profile

RATAN KUMAR

948 कविताएं

View Profile

Dr fouzia

7037 कविताएं

View Profile