उत्पात का घन घिर गया, तम छा गया आकाश पर,
मानव विकल बैठा यहाँ, अपनी नियति के पाश पर।
पाखंड के प्रासाद पर, अंकित यहाँ जयकार है,
जो सत्य का संवाहक है, उसकी यहाँ बस हार है।
वाणी मुखर जो तंत्र की, वो छल-कपट का जाल है,
इस मौन जन-समुदाय का, जीवन हुआ बेहाल है।
कर्तव्य के इस पृष्ठ पर, स्याही लगी अधिकार की,
स्मृति में ही बस रह गई, महिमा सच्चे विचार की
आदर्श के शुष्क वृक्ष पर, फलते नहीं अब फूल हैं,
मर्यादा के ये ग्रंथ भी, सहते यहाँ बस धूल हैं।
जो थे कभी रक्षक यहाँ, भक्षक वही अब बन गए,
सत्ता-शिखर को चूमकर, पाषाण-हृदय सब तन गए।
इतिहास के इस मोड़ पर, कौतुक अनूठा हो रहा,
निज देश का प्रज्ञा-पुरुष, एकांत में ही रो रहा।
पर चेतना की रश्मियाँ, धुंधलका चीर कर आएँगी,
इस स्वांग के प्राचीर को, मिट्टी में वो मिलाएँगी।
तब तक सजग रहना हमें, इस काल के इस चक्र में,
बहना नहीं है चेतना को, स्वार्थ के इस वक्र में।
— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'