कठिन दौर की हर मुश्किल को, पार कर के दिखाएंगे,
टूटे बिखरे सपनों से ही, हम नया घर बनाएँगे।
चट्टान सा हौसला पल में, शीशे सा बिखर गया,
जीवन के इस चक्र में जैसे, वक़्त भी ये ठहर गया,
बुरे वक़्त के पहिये को हम, उम्मीदों से चलाएँगे,
टूटे बिखरे सपनों से ही, हम नया घर बनाएँगे।
बुरे वक़्त में जाना हमनें, अपने पराये हो गए,
साये से साथ चलने वाले, जानें कहाँ सब खो गए,
अंधेरी काली रात में हम, आस का दीप जलाएंगे,
टूटे बिखरे सपनों से ही, हम नया घर बनाएँगे।
-निधि वर्मा ‘काश’