विज्ञापन

और मैं हूँ कि ख़ामोश रहा जा रहा हूँ।

Narinder Kaur

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मैं जब भी चलना चाहूँ आगे की ओर,
        
                                                    
                            
एक अजीब-सा ख़ौफ़ लगता है इस संसार से।
डरता हूँ मैं उन चार लोगों की सोच से,
उनके सवालों से, उनकी नज़र के वार से।

मैं डरता हूँ अपनी बात कहने से,
जैसे साया सहमता हो अँधेरे से।
हृदय में दफ़्न हैं कितने ही जज़्बात,
मगर लब काँप उठते हैं अपने ही इज़हार से।

न जाने क्यों अपनी बात रख नहीं पाता,
किस कशमकश में ख़ुद को उलझा जाता हूँ।
जैसे सावन के घने बादलों में खो जाए धूप,
वैसे ही अपने विचारों में गुम हो जाता हूँ।

आकाश के सूनेपन की भाँति
मौन रहता हूँ मैं,
मन में उठती है अनगिनत हलचल,
फिर भी ख़ामोशी में क़ैद रहता हूँ मैं।

बयान कैसे करूँ अपने वजूद की हालत,
कैसे लफ़्ज़ दूँ इस बेनाम बेचैनी को?
सीने में उठते हैं सवाल हज़ार,
मगर ज़ुबाँ नहीं मिलती अपनी ही ख़ामोशी को।

क्या ही कहूँ अब मैं,
जब ख़ामोशी ही मेरा सहारा है,
मन में उठते सवालों के आगे
हर जवाब जैसे ख़ुद से हारा है।

रफ़्ता-रफ़्ता वक़्त गुज़र रहा है,
और मैं वहीं ख़ामोश खड़ा हूँ।
कहने को तो बहुत कुछ है दिल में,
मगर अपनी ही आवाज़ से डरा हूँ।

रफ़्ता-रफ़्ता वक़्त बीत रहा है,
ख़्वाबों का कारवाँ भी गुज़रता जा रहा है।
दिल में अब भी अनकहे लफ़्ज़ों का हुजूम है,
और मैं हूँ कि ख़ामोश रहा जा रहा हूँ।

रफ़्ता-रफ़्ता वक़्त बीत रहा है,
बात कहने से डरता हूँ मैं।
12 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all