मैं किरायेदार हूँ…
बाँस की सुंदर छत है मेरी…
ईंटों की दीवारें हैं…
लेकिन उस छत के परे जो नीला अंबर है,
उसका मैं किरायेदार हूँ।
हवा को पंखे से चलाता हूँ
और उसकी दिशा घुमाता हूँ…
उन शाखों का क्या…
उस समंदर का क्या…
जिनसे ये हवा चलती है…
उन हवाओं का मैं किरायेदार हूँ।
है चंद गज़ की ज़मीन मेरी…
कुछ पेड़ हैं और
उन पर खिले फूल मेरे…
उस मिट्टी का मैं किरायेदार हूँ।
छोटा दीप जलाता हूँ और
मिटाता हूँ घनघोर अँधियारा।
मैं किस बात पर इतना इतराता हूँ?
उन सूरज की किरणों का
मैं किरायेदार हूँ…
एक छोटी सी नाव चलाता हूँ,
हाथों में लिए पतवार
लहरों से लड़ता जाता हूँ…
क्या मेरी नाव और क्या मेरी पतवार…
इस समंदर के सामने मेरी क्या बिसात…
मैं इस समंदर का किरायेदार हूँ।
सब कुछ अपना समझता रहा…
क्यूँ ऐसे भ्रम में रहा?
अब समझ आया कि मैं तो
दुनिया के रंगमंच पर
एक छोटा सा किरदार हूँ…
मैं किरायेदार हूँ…