विज्ञापन

क़तरा नहीं तू मीना,दरिया तलाश करना

Meena Bhatt

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            जीने का एक बेहतर रस्ता तलाश करना
        
                                                    
                            
अपने लिए तू रहबर सच्चा तलाश करना

जो तुझपे जान छिड़के,बंदा तलाश करना
इस मतलबी जहां में,अपना तलाश करना

तहरीर ग़म की मेरे,अब हो गई पुरानी
लिखने को अब नया तू,क़िस्सा तलाश करना

तन्हा गुज़र न पाए, ये ज़ीस्त मेरे हमदम
मिलने का हमसे कोई लम्हा तलाश करना

मुश्किल से दोस्त सच्चे, क़िस्मत से ही हैं मिलते
जो उम्र भर न टूटे,रिश्ता तलाश करना

गर शायरी का तुझको,है शौक़ मेरे हमदम
तू शायरों का कोई,कुनबा तलाश करना

ये ख़ुश्क होंठ तेरे,हो जाएँ नम ज़रा से
साग़र तलाश करना, मीना तलाश करना

रखना नज़र हमेशा,अपनी बुलंदियों पर
क़तरा नहीं तू मीना,दरिया तलाश करना

-मीना भट्ट*सिद्धार्थ*
26 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Updesh Kumar

13556 कविताएं

View Profile