एक अधूरी किताब, कुछ बिखरे अल्फ़ाज़ और उसका अक्स...
आज फिर बैठा था किताब लिए, हाथों में कलम था,
दिल में उसका ज़िक्र और सामने उसका अक्स था...
सोचा था आज उसके हुस्न को अल्फ़ाज़ों में ढालूँगा,
उसकी आँखों से शुरू करके, उसके हर अंदाज़ को लिख डालूँगा।
पहले उसकी आँखों में डूबने की कोशिश की,
फिर उन्हीं आँखों से उसके चाँद से चेहरे को निहारा,
कुछ देर यूँ ही ठहरा रहा मैं,
जैसे किसी मुसाफ़िर को मिल गया हो उसका किनारा।
अब समझ नहीं आता कि उसकी आँखों पर लिखूँ,
या उसके चेहरे का कोई फ़साना लिखूँ,
उसकी ज़ुल्फ़ों की घटा का ज़िक्र करूँ,
या उसकी मुस्कुराहट को अपना अफ़साना लिखूँ।
उसके हुस्न का ऐश्वर्य लफ़्ज़ों में बयां कैसे करूँ,
उसकी हर अदा पर लिखूँ या हर नज़र पर मरूँ,
उसकी चाल में भी एक अलग ही नज़ाकत है,
और उसकी ख़ामोशी में भी जाने कैसी शरारत है।
कहाँ से शुरू करूँ, ये समझ नहीं आता,
उसके बारे में लिखने बैठूँ तो कोई लफ़्ज़ समझ नहीं आता,
हर बार कलम कुछ लिखने को आगे बढ़ता है,
और हर बार दिल उसके दीदार पर ही ठहर जाता है।
अब तो किताब के सफ़हे भी खाली पड़े हैं,
और मेरे सारे अल्फ़ाज़ उसकी तस्वीर के सामने हारे पड़े हैं...
अब हाल-ए-दिल कुछ यूँ है जनाब,
कि लिखने का नहीं, उसे देखते रहने का मन करता है,
क्या लिखूँ उसके हुस्न पर मैं,
जब हर लफ़्ज़ से ज़्यादा ख़ूबसूरत वह ख़ुद लगती है...
शायद कुछ चीज़ें लिखने के लिए नहीं होतीं,
बस उम्र भर निहारने के लिए होती हैं...
-कार्तिकेय