विज्ञापन

तन्हा नहीं है सच

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            झूठ की ऊँची हवेली में दीये जलते रहे,
        
                                                    
                            
और सच बाहर गली में, सर्द रातों में खड़ा,
काँपता ही रह गया...
लोग गुज़रे, देखकर कतरा गए,
बोले— "बेचारा अकेला है बहुत,
वक़्त के इस दौर में, सच का कोई साथी नहीं।"

पर सुनो...!
तुमने कभी देखा है उसको ग़ौर से?
सच कभी तन्हा नहीं होता।
जब कभी तुम सच के काँधे पर ज़रा-सा हाथ रखकर,
उसके पीछे चल पड़ो,
तो अचानक...
एक बूढ़ा आसमाँ झुक कर तुम्हारे सर पे साया तान देता है!
एक ठंडी धूप पाँव के छालों को सहलाने उतरती है,
और सदियों पुरानी एक हवा आकर,
तुम्हारे कान में चुपके से कहती है—
"डरो मत... मैं तुम्हारे साथ हूँ।"

झूठ के लश्कर में तो बस सिर गिने जाते हैं अक्सर,
पर जहाँ पर सच खड़ा हो,
वहाँ पीछे कायनात आँखों को मूँदे...
एक गहरी साँस लेकर बोलती है— "मैं यहीं हूँ!"

तो जिसे तुम सोचते हो कि वो तन्हा खड़ा है,
दरअसल...
वो पूरी दुनिया को अपने भीतर समेटे,
एक मुकम्मल दौर की मानिंद खड़ा है।
याद रख 'कपिल', अगर तुम सच के साथ हो,
तो तुम अकेले हो ही नहीं सकते...!

 
एक घंटा पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

48 कविताएं

View Profile