विज्ञापन

हम फिर उसी काफ़िर हवा की तरह हो जाएंगे,

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            सिकुड़ती हुई कोख से जब हम फिसले थे,
        
                                                    
                            
हथेली की लकीरें तब बिल्कुल साफ़ थीं।
न कोई दावा था, न कोई जायदाद थी पास,
बस एक कोरी साँस थी, जो हिस्से आई थी।

फिर उम्र की धूप जो तेज़ हुई, तो जंग शुरू हुई,
ज़मीन के एक टुकड़े, और एक नाम की ख़ातिर।
कुछ सिक्कों और झूठी बज़्म की चमक के लिए,
हम हर रोज़ अपनी ही रूह से लड़ते रहे।

मोहब्बत में भी हमने सरहदें खींच दीं,
वफ़ा को भी मिल्कियत की तरह परखा।
जो हवा सबकी थी, उसे मुट्ठी में भींचना चाहा,
और इस कशमकश में वक़्त का दामन तार-तार हुआ।

पर सुनो! जब विदा का आख़िरी ख़त आएगा,
ये सिकंदरों के महल यहीं धूल हो जाएंगे।
ये जंग, ये ज़िद, ये ज़ंजीरें, सब यहीं छूटेंगी,
मिट्टी अपना उधार चुकाकर वापस मुड़ जाएगी।

हम फिर उसी काफ़िर हवा की तरह हो जाएंगे,
जैसे आए थे, वैसे ही ख़ामोश गुज़र जाएंगे।
हाथ फिर खुले होंगे, कफ़न में कोई जेब न होगी,
'कपिल' शून्य से शुरू हुआ था, शून्य में ही बिखर जाएगा।
-कपिल देव जुल्का
 
55 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all