विज्ञापन

सत्य अगर कमज़ोर है, तो उसका साथ देना ही इबादत है

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            सुनो...
        
                                                    
                            
ये जो वक़्त की दहलीज़ पर
सत्य अकेला खड़ा है न,
इसके माथे पर शिकन देखो।

ये कोई तमाशा नहीं, जो गुज़र जाएगा,
ये वो मोड़ है, जहाँ इतिहास ठहरकर पूछता है—
कि भीष्म बनोगे या जटायु?

गंगा का वो प्रतापी पुत्र,
जो प्रतिज्ञा की बेड़ियों में ऐसा जकड़ा था...
कि आँखों के सामने जब अस्मत की चादर खिंच रही थी,
वो सिर झुकाए, अपनी 'शर्तों' का कफ़न ओढ़े बैठा रहा।
मुकुट तो चमका उसका,
मगर आत्मा... सिहरती रही बाणों की शय्या पर।

और दूजी तरफ़...
इक बूढ़ा जटायु था।
न कोई राजमुकुट, न कोई रथ, न गांडीव की टंकार,
सिर्फ़ दो कमज़ोर पर थे, और एक बूढ़ा-सा दिल।
पर जब धरा की बेटी ने पुकारा,
तो वो आसमान का राजा, अपनी मौत से लड़ गया।
पंख कटे, लहू बहा, मिट्टी में मिल गया...
मगर जब मरा, तो राम की गोद में उसका सिर था।

भीष्म भी ज्ञानी थे, जटायु भी धर्मी था,
पर इतिहास की स्याही ने दोनों को अलग रंग दिया।
एक का मौन... महाभारत का सबब बना,
एक की चीख़... रामायण की लाज बन गई।

हवाएँ आज फिर वही सवाल गुनगुनाती हैं,
पत्तियाँ शाखों से गिरकर यही समझाती हैं।
तमाशाई बनकर महफ़िल में चुप रहना भी एक गुनाह है,
सत्य अगर कमज़ोर है, तो उसका साथ देना ही इबादत है।

मौन की भीष्म-प्रतिज्ञा में मत उलझो,
सत्य की ख़ातिर, जटायु-सा कटना सीखो।

ज़िंदगी सिर्फ़ साँसें लेने का नाम नहीं 'कपिल'...
ये तो वो पन्ना है, जहाँ तुम्हें चुनना है—
कि भीष्म बनकर सिंहासन बचाना है,
या जटायु बनकर अमर हो जाना है।

चुनाव आपका है...
भीष्म या जटायु?
 
2 घंटे पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

48 कविताएं

View Profile