विज्ञापन

कोरी स्लेट और ख़ाली मुट्ठियाँ

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            जब बस्ते में कुछ न था, बस साँसों की एक कोरी स्लेट थी,
        
                                                    
                            
दुनिया की दहलीज़ पर, पहली दस्तक बड़ी नेक थी।

न कोई नाम था जेब में, न सिक्कों की खनक थी कहीं,
मुट्ठियाँ बंद थीं मगर, उन मुट्ठियों में कुछ भी नहीं।

फिर धूप चढ़ी, और परछाइयों का बाज़ार सज गया,
मिट्टी के इन खिलौनों पर, 'मेरा-तेरा' लिख गया।

एक-एक तिनके के लिए, हवाओं से उलझते रहे,
जो अपना था ही नहीं कभी, उसी को समेटते रहे।

कभी रिश्तों की रेशमी गाँठें, कभी दीवारों के साये,
हर मोड़ पर लड़े ख़ुद से, कि कुछ तो हाथ आ जाए।

शाम ढली तो देखा, वक़्त की रेत फिसल चुकी थी,
जिन चीज़ों पर ग़ुरूर था, उनकी सूरत बदल चुकी थी।

सफ़र का आख़िरी स्टेशन आया, गाड़ी रुकी आहिस्ता से,
सामान सारा धरा रह गया, प्लेटफ़ॉर्म के किसी कोने में।

कफ़न की जेब नहीं होती, 'कपिल' ये बात तब समझ आई,
जब साँसों की डोर टूटी, और रुख़्सत की घड़ी आई।

कोरी स्लेट लेकर आए थे, कोरी ही छोड़ चले,
मुट्ठियाँ फिर से खुलीं, और हम ख़ाली हाथ घर चले।
-कपिल देव जुल्का
 
54 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all