विज्ञापन

प्रकृति पर अधिकार नहीं , उसके प्रति कर्तव्य निभाना ।

Kajol Uikey

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            एक दिन पेड़ों ने मनुष्य को बुलाया,
        
                                                    
                            
धरती के आंगन में अपना मुकदमा चलाया ।

बरगद ने अपनी बूढ़ी बांहें उठाईं,
कहा -मैंने कितनी पीढ़ियों को छाया दी,
तुमने मेरी उम्र का हिसाब तक न रखा ,
और अपनी सुविधा के लिए मेरी जड़ें मिटा दी।

नदी ने कटघरे में आकर कहा ,
मैंने तुम्हारे हर मौसम को पानी दिया,
तुमने मेरे आंचल में कचरा भरकर ,
मेरे ही अस्तित्व को गंदा कर दिया।

चिड़िया ने भी अपना पक्ष सुनाया,
बोली -मैंने तुम्हारे आंगन में गीत सुनाया ,
तुमने ऊंची इमारतें तो खूब बनाईं ,
पर मेरे लिए एक घोंसला भी न बचाया ।

हवा ने धीरे से अपनी बात कही ,
मैंने बिना भेदभाव सबको सांसें दीं,
तुमने विकास के नाम पर ऐसा धुआं फैलाया ,
कि मेरी निर्मलता भी मुझसे रूठ गई।

मनुष्य खड़ा था सिर झुकाए ,
उसके पास कोई उत्तर नहीं था ,
जिन्हें वह निर्जीव समझता रहा ,
उनके बिना उसका जीवन संभव नहीं था।

तभी धरती ने फैसला सुनाया,
न किसी को दोषी ,न किसी को पराया,
बस इतना कहा -याद रखना इंसान,
प्रकृति पर अधिकार नहीं , उसके प्रति कर्तव्य निभाना ।

उस दिन अदालत में कोई सजा नहीं हुई,
पर मनुष्य की सोच पहले जैसी नहीं रही।

 
34 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

49 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7736 कविताएं

View Profile