वेद ज्ञान देता है, उपासना देती है बोध,
ज्ञान कहता है "मैं जानता हूँ", बोध कहता है "शेष नहीं कुछ और"।।
ज्ञान से बोध की यात्रा, बहुत लंबी, बहुत कठिन है,
यम-नियम, आसन-प्राणायाम, इसमें हर सोपान कठिन है।।
मेरे परमेश्वर! मुझ चेतन से, तुझ चैतन्य तक जाना है,
दिव्य तेज-बल देकर, मुझे चेतने का मार्ग दिखाना है।।
यम-नियम से देह को साधूँ, योग से मन को साधूँ,
श्रद्धा से हृदय को साधूँ, ज्ञान से बुद्धि को साधूँ।।
समर्पण से अहं को साधूँ, प्रज्ञा से विवेक को साधूँ,
ऋतम्भरा से सत्य को साधूँ, ध्यान से साध्य को साधूँ।।
स्तुति से वाणी पवित्र हो, उपासना से मन शांत हो,
धारणा से चित्त स्थिर हो, ध्यान से जीवन महान हो।।
इतना शुद्ध कर दो प्रभु, देह के आर-पार हो जाऊँ,
तेरी दिव्य चेतना से, सीधा संवाद कर पाऊँ।।
बोध से आप्लावित होकर, तेरे अमृत का रसपान करूँ,
तेरी शरण में आकर, जीवन को धन्य करूँ।।
ज्ञान तो केवल दीपक है, बोध ही उसका प्रकाश है,
ज्ञान तो केवल मार्ग है, बोध ही अंतिम विश्वास है।।
जो ज्ञान से बोध तक पहुँचा, वही सच्चा ज्ञानी है,
उसके लिए परमात्मा ही, सबसे बड़ी निधि, सबसे बड़ी वाणी है।।
- जगदीश प्रसाद शर्मा