विज्ञापन

संयम, धैर्य, सहिष्णुता के, पाठ हमें पढ़ाते हो।

Innovative Nature

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            नभ ने ओढ़ी धवल दुशाला, धरती ने शृंगार किया,
        
                                                    
                            
शीतल पवन के मृदु स्पर्श ने, ऋतुराज को साकार किया।
तुषार-बिंदु मोती बनकर, तृण-तृण पर मुस्काते हैं,
कुहासे के रजतिम पट में, वन-उपवन छिप जाते हैं।

अरुण-किरण की प्रथम आहट पर, हिमकण स्वर्णिम हो जाते,
निस्तब्ध निशा के स्वप्न सुहाने, प्रातः गीत सुनाते।
अग्निशिखा के सान्निध्य में, सिमटी संध्या की वेला,
ऊष्मित अनुरागों से सजता, जनजीवन अलबेला।

शाखाओं पर मौन टँगा है, पर्णों का संन्यास,
शीतलता के अधरों पर है, प्रकृति का मधुमास।
कहीं धुएँ की धूम्र-रेखाएँ, नभ में चित्र बनाती हैं,
कहीं धूप की स्वर्णिम भुजाएँ, तम का तिमिर मिटाती हैं।

शीत! तुम्हारा रूप अनूठा, केवल दंश नहीं है,
तुममें तप का मौन संदेश, जीवन का अवबोध कहीं है।
जड़ता में भी चेतनता का, तुम नवबोध जगाते हो,
संयम, धैर्य, सहिष्णुता के, पाठ हमें पढ़ाते हो।

तुम हिम नहीं, अनुशासन हो; तुम ठिठुरन नहीं, तप हो,
तुम प्रकृति का मौन काव्य हो, तुम ऋतु का अनुपम जप हो।
-सौरभ त्रिपाठी 
2 घंटे पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

49 कविताएं

View Profile