कहीं रहमत, कहीं आफ़त, कहीं इल्ज़ाम है ज़िंदगी,
कहीं जन्नत तो कहीं दोज़ख नाम है ज़िंदगी।
कहीं इज़्ज़त के पहरे में सिसकती उम्र कटती है,
कहीं बाज़ार में बिकती हुई सरेआम है ज़िंदगी।
कहीं शोहरत के फूलों से सजी सँवरी है ज़िंदगी,
कहीं काँटों की चुभन में ताउम्र नाकाम है ज़िंदगी।
निगाहों में कभी ख़्वाबों की नई दुनिया सजाती है,
कभी टूटे हुए ख़्वाबों का एक पैग़ाम है ज़िंदगी।
न दौलत साथ जाएगी, न शोहरत काम आएगी,
फ़क़त अच्छे-बुरे कर्मों का अंजाम है ज़िंदगी।
कभी हँसती, कभी रोती, कभी ख़ामोश रहती है,
हज़ारों रंग बदलती सुबह-ओ-शाम है ज़िंदगी।
ज़रा सोचो, ठहरो, और ज़रा इंसान बन जाओ,
बेवफा मुसाफ़िर, चंद रोज की मेहमान है ज़िंदगी।
'गोसि' इतना समझ ले तू, न कर ग़ुरूर साँसों पर,
मिली है जो अमानत, खुदा का एहतराम है ज़िंदगी।
- गोविन्द सिंह बिष्ट 'गोसि'