विज्ञापन

कटी हुई रात ही सुबह की कीमत बताती है

Devaki Nandan

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            पढ़ा था मैंने - अच्छा आदमी बुरा कहा गया,
        
                                                    
                            
फिर भी वो अच्छा ही रहा,
क्योंकि बुरा कहना लोगों का काम था,
अच्छा रहना उसका स्वभाव था।

पढ़ा था मैंने - सीधे पेड़ सबसे पहले काटे गए,
फिर भी वो सीधे ही खड़े रहे,
क्योंकि टेढ़ा होकर जीना,
उन्हें कभी आया ही नहीं।

कटकर भी वो झुके नहीं,
टूटकर भी वो रुके नहीं,
कभी किसी की पताका बनकर लहराए,
तो कभी बांसुरी बनकर,
कृष्ण के होठों से लगकर,
सबके रागों की रागिनी बनकर।

पढ़ा था मैंने - काली रात बहुत देर से कटी,
फिर भी वो रात हार नहीं मानी,
क्योंकि उसे पता था,
सुबह उसकी ही कोख से जन्म लेगी।

उसी काली रात में कृष्ण ने जन्म लिया,
कंस के कारागार में भी उजाला कर दिया,
उसी रात महादेव ने विष पिया,
नीलकंठ बनकर दुनिया को बचा लिया।

पढ़ा था मैंने - उपेक्षित लोगों ने सबकी अपेक्षाएं पूरी कीं,
फिर भी वो उपेक्षित ही रहे,
क्योंकि जो सबको देता है,
उससे कोई हिसाब नहीं पूछता।

पर अब मैंने ये भी समझा -
बुरा कहा गया आदमी ही याद रहता है,
काटा गया पेड़ ही लकड़ी बनकर घर बनाता है,
किसी को सोने के लिए चारपाई देता है,
किसी की छत बनता है।

कटी हुई रात ही सुबह की कीमत बताती है,
और उपेक्षित लोग ही इतिहास बनाते हैं।

इसलिए अच्छे लोग अच्छे ही रहेंगे,
चाहे दुनिया कुछ भी कहे,
क्योंकि सच को देर से समझा जाता है,
पर समझा ज़रूर जाता है।

जिसमें हो राम सी मर्यादा,
कृष्ण सा कर्म,
सुदामा सी मित्रता,
और सबरी जैसा प्रेम -
वो लोग हारकर भी कभी हारते नहीं,
वो ही तो इस दुनिया को संभालते हैं।
-देवकी नन्दन
एक दिन पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11180 कविताएं

View Profile

Dr fouzia

6984 कविताएं

View Profile