वक्त के साथ बदलना ही सही,
राहें अपनी जुदा जुदा ही सही।
दिल नहीं मिलते हैं अगर अपने,
दरमियाँ अब ये फ़ासला ही सही।
हम एक दूजे के दुश्मन तो नहीं,
अजनबी सा रहे रिश्ता ही सही।
ख़ुश रहो तुम यही चाहत है मेरी,
तुम जो चाहो वो फैसला ही सही।
तुम्हारी ख़ामुशी नागवार सी है,
कहो गर है कोई गिला ही सही।
दूर रह कर भी दुआ देंगे तुम्हें,
अब से अपना ये वास्ता ही सही।
"शमीम" तुम नहीं हो क़िस्मत में,
साथ जितना मिला उतना ही सही।
- देवेन्द्र सचदेवा "शमीम"