हम न होंगे हमारी हस्ती भी भुला दी जाएगी,
असर करेगी जो भी हम को दुआ दी जाएगी।
रंज-ओ-ग़म कम नहीं होंगे बयाँ करने से कभी,
दर्द और ज़ख़्म को ज़ियादा हवा दी जाएगी।
सब की सुनता है रब मेहरबाँ हम सब पर है,
वो सुनेगा जब भी शिद्दत से निदा दी जाएगी।
बदले में नेकियों के होंगी नेमतें अता हम को,
हरेक गुनाह की हमें बेशक़ सज़ा दी जाएगी।
ज़रूरत के मुताबिक सब का इस्तेमाल होता है,
आफ़ताब निकलेगा तो शमा बुझा दी जाएगी।
"शमीम" हम तुम्हारे हैं हमारा साथ यूँ ही रहेगा,
अगर वफ़ा करो तो बदले में वफ़ा दी जाएगी।
- देवेन्द्र सचदेवा "शमीम"