फ़लक से ज़मीं पर उतारा गया है
बुलंदी का था जो ख़ुमारा गया है।
इक पत्थर रहा राह की ठोकरों में,
दूजा बुत बना के निखारा गया है।
जले घर किसी का कोई ग़म नहीं,
हमें क्या नहीं कुछ हमारा गया है।
बहारें तो आती हैं आती रहेंगी,
क्या ग़म अगर जश्ने-बहारा गया है।
ज़माने में हुए रुसवा ग़म नहीं है,
ज़ुबाँ ज़ुबाँ पे ज़िक्र हमारा गया है।
"शमीम" लाज़मी हैं दुश्वारियाँ भी,
हर इन्साँ इन्हीं से संवारा गया है।
- देवेन्द्र सचदेवा "शमीम"