अरसा बीता दीवारों में
भीतर हो बंद किवाड़ों में
देने को साथ घर का सामान
कुर्सी, टेबल और दस्तरखान
हां लोग भी आते जाते है
ठहरते, फिर बढ़ जाते है
जाने समझे, बैठे संग में
इतना वक्त मिलता कहां
देने को साथ घर का सामान
कुर्सी, टेबल और दस्तरखान
चादर के फटे किनारे सी
दीवार पर पड़ती दरारों सी
कोनो में बनते जालों के
जैसे कटता जीवन तन्हा
देने को साथ घर का सामान
कुर्सी, टेबल और दस्तरखान
बाहर कोई होगा हमदर्द
शायद दे साथ समझे दर्द
कदम पर क्यों थम जाते है
क्या सिमट गया मेरा जहाँ
देने को साथ घर का सामान
कुर्सी, टेबल और दस्तरखान
-चित्रा बिष्ट