मन के हैं ये खेल सारे,
सब मन के बहकावे हैं,
किसको मानूँ सत्य यहाँ ये,
संसार के दिखावे हैं।
क्या सत्य है क्या छलावा,
इसमें हैं मतभेद बड़े,
इसी मतभेद के जाल में,
उलझे सारे लोग पड़े।
सत्य मानूँ ईश्वर को तो,
ये संसार एक माया है,
मानूँ सत्य संसार को तो,
माया में सत्य समाया है।
मन ही मन में उलझी मैं,
खुद से भी हैं सवाल बड़े,
इन्हीं सवालों के जाल में,
उलझे सारे लोग पड़े।
— अनुप्रिया