पापा के कुछ पुराने खत
आज भी रखे हैं,
जिन्हें पढ़ते हुए
कभी-कभी लगता है,
मैं पापा को पहली बार जान रही हूँ।
हर पन्ने पर
एक नए पापा दिख जाते हैं,
जो मेरी कल्पनाओं से अलग हैं।
अब तक उन्हें
अपनी नज़र से समझती रही,
जो शायद पूरा सच नहीं था।
एक फिक्रमंद बेटा,
जिसकी अपनी भी कुछ शिकायतें थीं,
पर इतना तो चलता है।
वो हर खत में
थोड़ा-थोड़ा सबके लिए फिक्रमंद होते थे।
अपनी पत्नी को
किफ़ायत से चलना सिखाते थे,
जितना दे रहा हूँ,
उसी में सब्र करना सिखाते थे।
पर कभी अपने पिता से पूछते थे—
क्या मेरे दिल में इच्छाएँ नहीं थीं,
कि मैं भी सुख से रहूँ?
क्या मेरी भी इच्छा नहीं थी
सूट-पैंट पहनने की?
दिन-रात काम करते हुए
बस यही सोचा
कि सब खुश रहें।
पहली बार कैमरा खरीदा,
तो आँखों की चमक देखते ही बनती थी।
शायद कुछ यादें सहेजना चाहते थे,
अपने पूरे परिवार के साथ।
अपनी गाड़ी में
माँ-बाप को बिठाकर
उनके साथ घूमना चाहते थे।
फिर भी कहते थे,
माँ-बाप हैं,
उनका रूठना-मनाना तो चलता है।
खत तो बस कुछ ही हैं,
पर वो कुछ भी बहुत हैं
एक नए पापा को जानने के लिए।
लगता है, जो खो गए,
उनमें भी यही कहानी होगी,
पापा को जानने की
कोई और खिड़की होगी।