दुपहर तितली के पर जैसी
शामें जुगनू के घर जैसी
लगे चांद हो तकिया कोई
लगे चाँदनी बिस्तर जैसी
गुल गुलशन में करूँ नुमाया
रंगों की लगती झर जैसी
अगर निहारूं ऊँचे पर्वत
इनकी छवि गंगाधर जैसी
कहते इतनी बड़ी ये दुनियाँ
मुझको तो इतनी भर जैसी
कुहुक कोयलिया की आई यूँ
रिसी शहद की गागर जैसी
भोर भा रही इन नयनों को
बिछी कुमकुमी चद्दर जैसी
कभी ये दादाजी का घर है
कभी ये माँ के पीहर जैसी
है तो लेकिन दिखे नहीं वह
अविनाशी उस ईश्वर जैसी
कहते सीधी सरल जिंदगी
खाये मगर ये चक्कर जैसी
-आलोक