आसमान में रहता है कहीं दुनियाँ को चलाने वाला
अपने इशारों पर हरदम जहान को नचाने वाला
सैर गुलशन की करते हुये वो यही सोचे
हुनर सीख लूँ मैं गुलों से काश मुस्कराने वाला
कहते हैं कलंदर सब लोग उसी को तो यहाँ
खुद के समंदर में गहरे डुबकियाँ लगाने वाला
एक बात तो तय है यदि मानो तुम भी
लौट कर वापस ना आया कभी जाने वाला
फितरत ही इंसान की है कुछ ऐसी
करके एक अहसान कई गिनाने वाला
तिलमिला जाता हूँ तकलीफ़ों मैं जब भी मैं
खुदा भेज देता है कोई ना कोई साथ निभाने वाला
तलाशे हैं कई तीर तरकश में मैंने यूँ तो
मिला नहीं लेकिन अभी तक तीर निशाने वाला
हैरत होती है नुमाया क्यों नहीं होता
शम्स हर रोज पूरब में उगाने वाला
अब कोई दोस्त अहबाब ऐसा मिलता ही नहीं
बांह पकड़ के अपने घर ले जाने वाला
आलोक जादूगर है वो बेहद आला
उधर जगाता है इधर सुलाने वाला
-आलोक