एक टक अपने मन को निहारा मैंने
झील पर जैसे कोई चांद उतारा मैंने
रंग तबस्सुमों के उजले कर लिये मैंने
इन अश्कों का लेकर सहारा मैंने
अपने समंदर में डूबना आ गया
अब हर पल ऐसे जो गुजारा मैंने
तन्हाइयां यूँ काम आ गईं मेरे
तन्हाइयों में ही तो खुद को सँवारा मैंने
मुसीबतों में जो नजर नहीं आये
उन लोगों से कर लिया किनारा मैंने
जो दिल की सदा सुनता है सदा
उसी को दिल से पुकारा मैंने
उसकी निगाहों को पढ़ के
भर लिया अपना पिटारा मैंने
भेद मिट गया सारा आलोक
कह दिया खुद को तुम्हारा मैंने
-आलोक