विज्ञापन

घिरि घिरि आए सघन बदरिया

Anonymous User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            गीत
        
                                                    
                            

घिरि घिरि आए सघन बदरिया नभ पर दामिनि दमक रही
पै पीतम बिनु या सावन में हियरे बिरहा दहक रही
तुम सजल मेघ गोकुल वन के मैं तपत भूमि बिरजावलि की
जब रीत गई सब सुधि बुधि ही गति सूझत नाहीं बावरि की
छुटि गयो साथ जब अँचरा को फिर रैन बसेरो कहाँ सखी
इन उमड़त घुमड़त बदरन में यह प्रान उबारो कहाँ सखी
घिरि घिरि आए सघन बदरिया

नहिं मेंहदी रचत हथेलिन पै महावर लागत ज्यों छाले
यह कँगना डसत है नागिनि ज्यों गजरे में बिच्छू छिपि घाले
पी पी की टेर सुनत सखिरी लागत है जियरे में बरछी
झूलन की डोरी फाँसी सी पुरवैया लागत है तिरछी
मोरे नैनन सावन भादों है नभ बरसत करत ठिठोली है
उड़ि गयो रंग सब सपनन को आँसुन सो भीगी चोली है
जब टूटि गई डोरी उर की फिर प्रान पखेरु कहाँ सखी
इन उमड़त घुमड़त बदरन में यह प्रान उबारो कहाँ सखी
घिरि घिरि आए सघन बदरिया

नदिया तो उमड़ि उमड़ि बहती मोरे हियरे मरुथल की प्यास
बादल में बिजुरी दमक रही मोरे जीवन में तिमिर उदास
मैं नीर भरी दुख की बदरी तुम चंचल नदिया की धारा
तुम पार गए निर्मोही बन मैं तकत रह गई किनारा
ज्यों दादुर मोर मलार गात त्यों बिरहा मोरा डोलत है
यह कारी रैन डरावत है विष बिरहा को मन घोलत है
जब सूनी भई सेजरिया ही फिर सपन सुहावन कहाँ सखी
इन उमड़त घुमड़त बदरन में यह प्रान उबारो कहाँ सखी
घिरि घिरि आए सघन बदरिया

मैं पीर पिरोई माला हूँ तुम निर्मोही की मूरत हो
मैं रैन जगी इक अँखियाँ हूँ तुम भोर भई की सूरत हो
इतनो ना दानी है सावन जो जनम जनम की प्यास हरै
इतनी ना भावुक यह दुनिया जो बिरहिन की कछु आस करै
जब दरद न बाँच्यो पीतम ने तो नेह नगर को काह करूँ
जब साँस बनी है अँगियारी तो सूने घर को काह करूँ
जब रास रचै ना साँवरियो फिर मधुबन भावन कहाँ सखी
इन उमड़त घुमड़त बदरन में यह प्रान उबारो कहाँ सखी
घिरि घिरि आए सघन बदरिया
-भानु शर्मा रंज
 
3 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Mohan Tripathi

873 कविताएं

View Profile

BUDHI SAGAR

2 कविताएं

View Profile

Neel Arun

3 कविताएं

View Profile

Ashq_Singh Ap

19 कविताएं

View Profile