Saharanpur: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा, सेंट्रल बैंक के असिस्टेंट मैनेजर की मौत
सहारनपुर के बिहारीगढ़ में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बाइक सवार सेंट्रल बैंक के असिस्टेंट मैनेजर अरुण पंवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा वाहन की टक्कर से हुआ या बाइक फिसलने से, यह स्पष्ट नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर के छुटमलपुर क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शनिवार को सड़क हादसे में सेंट्रल बैंक के असिस्टेंट मैनेजर अरुण पंवार की मौत हो गई। 32 वर्षीय अरुण पंवार बाइक से बिहारीगढ़ क्षेत्र से गुजर रहे थे। हादसा बिहारीगढ़ थाने के पास हुआ। पुलिस उन्हें गंभीर हालत में फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बैंक अवकाश के दिन बिहारीगढ़ जा रहे थे अरुण
मूल रूप से मुरादाबाद की न्यू कॉलोनी निवासी अरुण पंवार हाल ही में गोवा के पणजी से स्थानांतरित होकर देहरादून के विकासनगर स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में आए थे। शनिवार को बैंक अवकाश के चलते वह किसी काम से बिहारीगढ़ क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे वह हादसे का शिकार हो गए।
हादसा कैसे हुआ, स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अरुण पंवार की बाइक किसी वाहन से टकराई थी या बाइक फिसलने के कारण हादसा हुआ। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अरुण पंवार को फतेहपुर सीएचसी लेकर गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पिता मुरादाबाद में पीएसी में तैनात
अरुण पंवार के पिता मुरादाबाद में पीएसी में तैनात हैं। सीओ बेहट प्रिया यादव ने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिवार के लोग मुरादाबाद से रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद शव की शिनाख्त समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई आगे की जाएगी।