मधुबन। तहसील क्षेत्र के दरगाह-सिकड़ीकोल मार्ग पर पुलिया निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है। एप्रोच मार्ग का कुछ काम बाकी है। पुलिया निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन भी शुरू हो गया है। इससे करीब एक दशक से चली आ रही जलभराव और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जगी है। पुलिया बनने से देवारा क्षेत्र के 24 से अधिक गांवों की हजारों की आबादी को राहत मिली है।
बरसात के मौसम में इस मार्ग के दोनों तरफ जलभराव हो जाता था। पानी के दबाव से सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ ही आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था, इससे देवारा क्षेत्र में बसे करीब 24 से अधिक गांवों का मधुबन-दोहरीघाट मुख्य मार्ग से संपर्क टूट जाता था। कई सप्ताह तक ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब पुलिया का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में मनोज सिंह, संतोष सिंह, पवन सिंह पहलवान, सौरभ चतुर्वेदी, आशुतोष सिंह, हैदर अली, मंटू सिंह, राम विनय यादव और सुनील यादव का कहना है कि पुलिया निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हुआ है। बरसात में जलभराव से हर साल सड़क टूट जाती थी और लोगों का आवागमन बंद हो जाता था। अब पुलिया बनने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। लोगों ने निर्माण के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के प्रयासों के प्रति आभार जताया।