Etawah: पत्नी और सास की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, भरण-पोषण देने के डर से रची थी खौफनाक साजिश
Etawah News: भरथना थाना क्षेत्र के चन्देठी गांव में पत्नी और सास की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति सत्येंद्र यादव उर्फ मनि को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के चन्देठी गांव में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पत्नी और सास की निर्मम हत्या के मुख्य आरोपी पति सत्येंद्र यादव उर्फ मनि को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया।
पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और मृतका की एक जोड़ी पायल भी बरामद की है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी मुकेश यादव को जेल भेज चुकी है।
क्या था पूरा मामला?
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 17 अगस्त 2026 को भरथना थाना क्षेत्र के चन्देठी गांव में दो महिलाओं के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए। घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और भरथना थाना पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया था।
जांच में सामने आया कि सत्येंद्र की शादी वर्ष 2021 में चन्देठी निवासी मंजू यादव उर्फ निर्मला के साथ हुई थी। आपसी विवाद के चलते पत्नी काफी समय से अपने मायके में ही रह रही थी। पत्नी मंजू और उसकी मां (सास) पुष्पा देवी ने सत्येंद्र के खिलाफ भरण-पोषण और घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था।
अदालत के आदेश और खौफनाक साजिश
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी सत्येंद्र ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि अदालत ने हाल ही में पत्नी को तीन लाख रुपये देने और सात हजार रुपये मासिक भरण-पोषण का आदेश दिया था। आरोपी को इस बात की गहरी आशंका थी कि उसके ससुराल वाले इस रकम को और अधिक बढ़वाने के लिए दोबारा अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
इसी डर और खुन्नस के चलते सत्येंद्र ने अपने रिश्तेदार मुकेश यादव के साथ मिलकर दोनों महिलाओं को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। योजना के तहत 15 अगस्त को दोनों आरोपियों ने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सत्येंद्र ने अपने सहयोगी मुकेश को फरार होने के लिए ढाई लाख रुपये देने की बात भी कबूली है।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी
20 अगस्त की रात पुलिस टीमों को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सत्येंद्र तुरैया पुल के पास मंदिर के नजदीक खड़ा है और मामले के गवाहों को धमकाने की फिराक में है। जब पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने भरथना थाने में हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस हत्याकांड में शामिल अन्य संभावित संलिप्तता की भी गहराई से जांच कर रही है।