सावधान: e-PAN डाउनलोड करने के चक्कर में कहीं गंवा न बैठें अपनी कमाई, PIB ने फर्जी ईमेल को लेकर किया अलर्ट

Nitish Kumar
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीNitish Kumar
Tue, 10 Mar 2026 02:35 PM IST
सार

आज के डिजिटल दौर में पैन कार्ड एक बेहद जरूरी दस्तावेज है, लेकिन इसी की आड़ में अब साइबर ठग आपको निशाना बना रहे हैं। पीआईबी फैक्ट चेक ने ई-पैन (e-PAN) डाउनलोड करने के नाम पर आने वाले फर्जी ईमेल के प्रति लोगों को सतर्क किया है, जो आपकी निजी जानकारी चुरा सकते हैं।

fake epan download email scam pib fact check warning
पैन कार्ड स्कैम - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    पैन कार्ड भारत में एक बेहद महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज है। बैंक खाता खोलने, आयकर रिटर्न भरने, नौकरी से जुड़े कागजी काम और कई अन्य वित्तीय लेन-देन में इसकी जरूरत पड़ती है। इसी वजह से साइबर अपराधी भी अक्सर पैन कार्ड से जुड़े झांसे का इस्तेमाल करते हैं। हाल ही में PIB फैक्ट चेक ने ऐसे ही एक फर्जी ईमेल को लेकर लोगों को सावधान किया है। इस ईमेल में दावा किया जा रहा है कि उपयोगकर्ता अपना ई-पैन कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। हालांकि जांच में यह संदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया है।

    लिंक पर क्लिक करने से हो सकती है जानकारी की चोरी

    सोशल मीडिया पर पीआईबी फैक्ट चेक ने एक पोस्ट के जरिए बताया है कि कई लोगों को ऐसे ईमेल मिल रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वे दिए गए लिंक पर क्लिक करके अपना ई-पैन (e-PAN) डाउनलोड कर सकते हैं।

    ये ईमेल देखने में बिल्कुल असली सरकारी नोटिफिकेशन जैसे लगते हैं, लेकिन असल में यह एक 'फिशिंग अटैक' है। साइबर अपराधी इन ईमेल में खतरनाक लिंक या अटैचमेंट भेजते हैं। जैसे ही आप उन पर क्लिक करते हैं, आपकी बैंकिंग डिटेल्स और निजी जानकारी उनके पास पहुंच सकती है।

    इनकम टैक्स विभाग की चेतावनी

    आयकर विभाग ने साफ कर दिया है कि वे इस तरह के कोई भी रैंडम लिंक या अटैचमेंट ईमेल के जरिए नहीं भेजते। विभाग ने टैक्सपेयर्स को सलाह दी है कि:

    किसी भी अनजान सोर्स से आए लिंक पर क्लिक न करें।

    ईमेल में दिए गए लिंक को कॉपी करके ब्राउजर में पेस्ट करने की गलती भी न करें, क्योंकि यह आपको एक फर्जी वेबसाइट पर ले जा सकता है।

    टैक्स से जुड़ी कोई भी जानकारी या नोटिफिकेशन चेक करने के लिए केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल का ही इस्तेमाल करें।

    खुद को ठगी से बचाने के लिए क्या करें?

    एंटीवायरस अपडेट रखें: अपने मोबाइल और कंप्यूटर में हमेशा अपडेटेड सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर रखें। फोन में केंद्र सरकार का eScan Bot Removal टूल जरूर इंस्टॉल करें।

    सेंसिटिव जानकारी न दें: फोन, ईमेल या एसएमएस पर कभी भी अपना ओटीपी, पिन या पैन नंबर साझा न करें।

    ऑफिशियल वेबसाइट ही चुनें: ई-पैन या अन्य किसी भी काम के लिए केवल incometax.gov.in जैसी आधिकारिक वेबसाइटों पर ही भरोसा करें।

    संदिग्ध ईमेल मिलने पर यहां करें शिकायत

    यदि आपके पास भी आयकर विभाग के नाम से कोई संदिग्ध ईमेल आता है, तो डरे नहीं बल्कि उसकी रिपोर्ट करें। आप इसकी जानकारी webmanager@incometax.gov.in पर भेज सकते हैं। इसके अलावा, इसकी एक कॉपी incident@cert-in.org.in पर भी भेजें ताकि संबंधित अधिकारी उस ठग के खिलाफ कार्रवाई कर सकें।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें