Google लेकर आ रहा है नया फीचर, Shareit जैसे एप डाउनलोड करने की नहीं पड़ेगी जरूरत

विस्तार
भारत सरकार ने हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर 59 चीनी मोबाइल एप पर बैन लगाया है। इसमें लोकप्रिय एप Shareit शामिल है। ऐसे में अब लोग बड़ी फाइल शेयर करने वाले एप की तलाश कर रहे हैं। इस ही बीच दिग्गज टेक कंपनी गूगल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए नया फीचर लॉन्च करने वाली है, जिसका नाम Nearby Share है। इस फीचर के जरिए यूजर्स चंद मिनटों में बड़ी फाइल ट्रांसफर कर पाएंगे। इस फीचर की जानकारी एंड्रॉयड पुलिस की एक रिपोर्ट से मिली है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस फीचर की लॉन्चिंग को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
एंड्रॉयड पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, Nearby Share फीचर एंड्रॉयड यूजर्स के लिए जल्द जारी किया जाएगा। इस फीचर की सहायता से यूजर्स कम समय में बड़ी फाइल दूसरे डिवाइस में भेज सकेंगे। फिलहाल, इस फीचर की टेस्टिंग चल रही है और यह पब्लिक बीटा वर्जन पर उपलब्ध है।
गूगल अपने लेटेस्ट फीचर का अपडेट एंड्रॉयड 6 पर काम करने वाले डिवाइस को छोड़कर सभी स्मार्टफोन को देगा। यूजर्स थर्ड-पार्टी एप इंस्टॉल किए बिना ही फाइल, फोटो और वीडियो शेयर कर पाएंगे। इससे यूजर्स का समय भी बचेगा।