Lava ने अपना पहला डिजिटल पेमेंट एप किया लॉन्च, बिना इंटरनेट के भी कर सकेंगे पैसा ट्रांसफर

विस्तार
भारत की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी लावा (Lava) ने अपना पहला डिजिटल पेमेंट एप लावा पे (Lava Pay) लॉन्च कर दिया है। इस एप की खासियत है कि यूजर्स इसके जरिए बिना इंटरनेट के भी पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे। बता दें कि देश में अब भी ज्यादातर यूजर्स ऑनलाइन ट्रांसजेक्शन इंटरनेट के माध्यम से करते हैं। वहीं, कंपनी का कहना है कि इस एप को महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों के साथ पेश किया गया है। तो आइए जानते हैं लावा पे के बारे में विस्तार से...
लावा ने कहा है कि नए फीचर फोन में यूजर्स को इस पेमेंट एप का सपोर्ट मिलेगा। हालांकि, वर्तमान यूजर्स को कंपनी के आधिकारिक सर्विस सेंटर में जाकर इस एप को अपने फोन में डाउनलोड कराना होगा।
लावा पे पेमेंट एप को इस्तेमाल करना बहुत आसान है। पेमेंट करने के लिए यूजर्स को मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट नंबर और अमाउंट (पेमेंट के रूप में देने वाली कीमत) डालनी होगी। इसके बाद यूजर्स को ऑथेंटिकेशन के लिए एक कोड मिलेगा, जिसको इस एप में एंटर करना पड़ेगा। इसके अलावा यूजर्स को यूपीआई आईडी की जानकारी इस एप में डालनी होगी। इतना करने के बाद कुछ मिनटों में पेमेंट ट्रांसफर हो जाएगी। वहीं, कंपनी ने कहा है कि यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्टिविटी के भी अपना बैंक बैलेंस चेक कर सकेंगे।