गूगल का ट्राइंगल ऐप बचाएगा आपका मोबाइल डाटा

गूगल ने अपना एक नया ऐप ट्राइंगल लॉन्च किया है जो मोबाइल डाटा खपत कम करने में यूजर्स की मदद करेगा। यह ऐप फालतू में यूज हो रहे मोबाइल डाटा को बचाएगा। इस ऐप की टेस्टिंग फिलहाल फिलिपिंस हो रही है। इस ऐप के अधिकतर फीचर स्थानीय ग्लोब और स्मार्ट प्रीपेड यूजर्स के लिए है। यह ऐप खासकर उन इलाकों के लिए तैयार किया गया है जहां डाटा यूज की एक सीमा है।
इस ट्राइंगल ऐप में यह सुविधा होगी कि आप किसी खास ऐप पर डाटा यूज की सीमा तय कर सकते हैं। जैसे- अगर आपको लगता है कि यूट्यूब ऐप ज्यादा डाटा खपत कर रहा है तो आप उस ऐप के लिए डाटा सेवर ऑन कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप में डाटा यूज की लिमिट भी है। जैसे- आप तय कर सकते हैं कि कौन सा ऐप यूज ना होने की स्थिति में कितनी देर डाटा यूज करेगा। इसके लिए आप टाइम सेट कर सकते हैं।
बता दें कि सैमसंग, शाओमी और एलजी जैसी कंपनियां अपने स्मार्टफोन में पहले से ही यह फीचर दे रही हैं। ऐसे में डाटा सेव करने के लिए अलग से किसी ऐप की कोई खास जरूरत नहीं है। वैसे अगर आप इस ऐप को डाउनलोड करना चाहते हैं तो इसका एपीके फाइल आपको डाउनलोड करना होगा, क्योंकि केवल फिलिपिंस में ही गूगल ट्राइंगल ऐप को प्ले-स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।