शाओमी का टैबलेट Mi पैड 3 लॉन्च, इसमें है 13MP का कैमरा

चाईनीज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी ने टैबलेट एमआई पैड 3 को चीन में लॉन्च कर दिया है। इस टैबलेट में 7.90 इंच की डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 2048x1536 पिक्सल है और PPI 326 पिक्सल प्रति इंच है। बताते चलें कि पैड 3 पैड 2 का ही अपग्रेड वर्जन है जो शैंपेन गोल्ड कलर में मिलेगा।
पैड 3 में 2.1GHz मीडिया टेक MT8176 प्रोसेसर, 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज है जिसे माइक्रो एसडी कार्ड के जरिए बढ़ाया भी नहीं जा सकता है। टैबलेट में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा है जिसका लेंस एफ/2.2 अपर्चर वाला है। 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। साथ ही यह एंड्रॉयड 6.0 मार्शमैलो पर काम करता है। पैड 3 में 6,600mAh की बैटरी दी गई है जिसे टैबलेट से बाहर नहीं निकाला जा सकता है।
टैब 3 में कनेक्टिविटी की बात करें तो इसमें वाई-फाई, ब्लूटूथ और यूएसबी ओटीजी है। इसके अलावा कंपास मैग्नोमीटर, प्रोक्सीमिटी सेंसर, एक्सलेरोमीटर और एंबियंट लाइट सेंसर जैसे फीचर्स हैं। टैबलेट का डाइमेंशन 200.4x132.6x6.95 मिलीमीटर है और वजन 328 ग्राम है। टैबलेट की कीमत चाईनीज मार्केट में 1499 चीनी युआन यानी करीब 14,100 रुपये है, हालांकि पैड 3 भारत में कब लॉन्च होगा इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है।