Nokia 2.3 डुअल रियर कैमरा के साथ हुआ लॉन्च, मिलेगी 4,000 एमएएच की बैटरी

टेक कंपनी एचएमडी ग्लोबल ने मिस्र की राजधानी कायरो में नोकिया 2.3 (Nokia 2.3) स्मार्टफोन को लॉन्च किया है। यूजर्स को नोकिया के लेटेस्ट स्मार्टफोन में दमदार बैटरी, शानदार डिस्प्ले और कैमरा मिलेगा। इससे पहले कंपनी ने नोकिया 8.1 और 5.2 को भारत समेत कई देशों में पेश किया था। फिलहाल, कंपनी ने नोकिया 2.3 की भारत में लॉन्चिंग को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। वहीं, दूसरी तरफ सूत्रों की मानें तो एचएमडी ग्लोबल जल्द ही इस फोन को भारतीय बाजार में उतारेगा। तो चलिए जानते हैं नोकिया 2.3 की कीमत और स्पेसिफिकेशन के बारे में...
कंपनी ने इस फोन की कीमत 109 यूरो (करीब 8,600 रुपये) रखी है। ग्राहक इस डिवाइस के क्यान ग्रीन और सैंड कलर वेरियंट के साथ मिड दिसंबर (15 से लेकर 20 तारीख के बीच शुरू हो सकती है सेल) से खरीद सकेंगे। हालांकि, अब तक कंपनी ने इस फोन की सेल डेट का एलान नहीं किया है। वहीं, नोकिया 2.3 स्मार्टफोन को बजट प्राइस टैग के साथ भारत में पेश किया जा सकता है।
कंपनी ने इस फोन में 6.2 इंच का एचडी प्लस डिस्प्ले दिया है, जिसका रिजॉल्यूशन 720x1520 पिक्सल है। साथ ही बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इस फोन में क्वॉडकोर मीडियाटेक हेलियो ए22 चिपसेट दिया गया है। वहीं, यह फोन एंड्रॉयड 9 पाई ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है। इसके अलावा यूजर्स को इस फोन में 2 जीबी रैम और 32 जीबी इंटरनल स्टोरेज का सपोर्ट भी मिलेगा।
कंपनी ने इस फोन के बैक पैनल में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया है, जिसमें 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर मौजूद हैं। साथ ही यूजर्स इस फोन के 5 मेगापिक्सल वाले फ्रंट कैमरा से शानदार सेल्फी क्लिक कर सकेंगे।
कंपनी ने इस फोन में कनेक्टिविटी के लिहाज से 4जी एलटीई, वाई-फाई, ब्लूटूथ वर्जन 5.0, जीपीएस, माइक्रो-यूएसबी और 3.5एमएम हेडफोन जैक जैसे फीचर्स दिए हैं। वहीं, इस फोन में 4,000 एमएएच की बैटरी मिली है, जो 5 वॉट की फास्ट चार्जिंग फीचर से लैस है।