Motorola Razr फोल्डेबल फोन हुआ लॉन्च, मिलेगा ओएलईडी डिस्प्ले और दमदार प्रोसेसर

अजय वर्मा
टेक डेस्क, अमर उजालाअजय वर्मा
Thu, 14 Nov 2019 12:04 PM IST
Motorola Razr 2019 Foldable Phone Launched Know Price And Specifications
Motorola Razr - फोटो : Motorola

    लंबे समय से चर्चा में बना मोटोरोला का फोल्डेबल स्मार्टफोन रेजर 2019 (Motorola Razr 2019) गुरुवार को अमेरिका में लॉन्च हो गया है। कंपनी ने इस फोन को खास तौर पर पुराने और लोकप्रिय मोटोरोला रेजर फ्लिप फोन के डिजाइन को ध्यान में रखकर बनाया है।

    यूजर्स को इस फोन में मुड़ने वाली एचडी ओएलईडी स्क्रीन मिलेगी। साथ ही स्नैपड्रैगन 710 चिपसेट दिया गया है। इससे पहले मोटो रेजर 2019 की कीमत और स्पेसिफिकेशन को लेकर कई रिपोर्ट्स लीक हुई थी। वहीं, इस फोन की सेल जनवरी से अमेरिका में शुरू हो जाएगी।

    कंपनी जल्द ही मोटो रेजर 2019 को भारतीय बाजार में उतार सकती है। सूत्रों की मानें तो यह फोन सैमसंग और हुवावे के मुड़ने वाले डिवाइसेज को कड़ी चुनौती देगा। तो आइए जानते है मोटोरोला रेजर की कीमत और स्पेसिफिकेशन के बरे में...

    मोटोरोला ने इस फोन की कीमत 1,499 डॉलर (1,05,988 रुपये) रखी है। अमेरिका के ग्राहक इस फोन जनवरी 2020 से खरीद सकेंगे। साथ ही मोटोरोला रेजर फोल्डेबल फोन की प्रीबुकिंग दिसंबर से शुरू हो जाएगी। लेकिन कंपनी ने मोटोरोला रेजर की भारत में लॉन्चिंग को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। वहीं, इस फोन की कीमत सैमसंग और हुवावे के फोन के प्राइस की तुलना में कम है।

    कंपनी ने इस फोन में clamshell और फ्लिप फोन का डिजाइन दिया है। साथ ही यूजर्स को इस फोन में 6.2 इंच का ओएलईडी डिस्प्ले मिलेगा, जिसका रिजॉल्यूशन 876x2142 पिक्सल है। मुड़ने के बाद इस फोन की स्क्रीन का साइज 2.7 इंच का हो जाएगा। यूजर्स इस डिस्प्ले से सेल्फी, नोटिफिकेशन और म्यूजिक कंट्रोल कर सकेंगे। बेहतर परफॉर्मेंस के लिए ऑक्टा-कोर क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 710 एसओसी और छह जीबी रैम का सपोर्ट दिया गया है।

    मोटोरोला ने इस फोन में 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी शूटर कैमरा दिया है। इसके साथ ही फोन में नाइट विजन मोड का फीचर दिया जाएगा, जिससे यूजर्स रात में शानदार फोटोग्राफी कर सकेंगे। यूजर्स को इसमें एआई (आर्टिफिशियल इंटेंलिजेंस) तकनीक का सपोर्ट मिलेगा। वहीं, दूसरी तरफ यूजर्स पांच मेगापिक्सल वाले फ्रंट कैमरा से बेहतरीन सेल्फी क्लिक कर सकेंगे। इसके लिए को फोन को फोल्ड नहीं करना पड़ेगा।

    कंपनी ने इस फोन में 4G एलईटी, ब्लूटूथ 5.0, वाई-फाई, जीपीएस और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट जैसे फीचर्स दिए हैं। इसके अलावा यूजर्स को 2,510 एमएएच की बैटरी मिलेगी, जो 15 वॉट फास्ट चार्जिंग फीचर से लैस है। वहीं, मोटोरोला रेजर एंड्रॉयड 9.0 पाई ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेगा।

    और पढ़ें...