Jio Glass हुआ लॉन्च, स्मार्ट चश्मे से ही कर सकेंगे वीडियो कॉलिंग

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Wed, 15 Jul 2020 05:46 PM IST
Jio Glass launched in Iandia for 3D interactions and holographic content
Jio Glass - फोटो : amarujala

    रिलायंस इंडस्ट्रीज की 43वीं एजीएम (वार्षिक आम बैठक) में रिलायंस जियो ने 'जियो ग्लास' लाने का एलान किया है। जियो ग्लास एक मिक्स्ड रियलिटी स्मार्ट ग्लास है जिसकी मदद से वीडियो कॉलिंग की जा सकेगी। जियो ग्लास में वर्चुअल असिस्टेंट का भी सपोर्ट दिया गया है। जियो ग्लास को खासतौर पर होलोग्राम कंटेंट के लिए पेश किया गया है।

    एजीएम में जियो के नए एप जियोमीट के बारे में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बताया कि लॉन्चिंग के बाद बहुत कम समय में इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप को 50 लाख से अधिक लोगों ने डाउनलोड किया है। जियोमीट एप एक क्लाउड आधारित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्लेटफॉर्म है जिसे एप और डेस्कटॉप दोनों पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

    क्या है यह जियो ग्लास?

    रिलायंस जियो हर साल एजीएम में नए प्रोडक्ट की घोषणा करता है। इस बार कंपनी ने जियो ग्लास पेश किया है। जियो ग्लास की मदद से वर्चुअल तौर पर 3डी अवतार के जरिए बातचीत हो सकेगी। इवेंट के दौरान इसका डेमो भी दिखाया गया। जियो ग्लास के जरिए आप बोलकर एक साथ दो लोगों को वीडियो कॉल कर सकते हैं।

    3डी अवतार से होगी बात

    बातचीत के दौरान आप ग्लास (चश्मे) में ही उस शख्स का 3डी अवतार देख सकेंगे जिसे आपने कॉल किया है। खास बात यह है कि जियो ग्लास में 3डी और 2डी दोनों तकनीकों का सपोर्ट दिया गया है। जियो ग्लास का वजन महज 75 ग्राम है, जो कि इसका एक खास फीचर साबित हो सकता है।

    25 एप्स का दिया सपोर्ट

    इसके साथ ही जियो ग्लास में स्मार्टफोन का कंटेंट भी एक्सेस किया जा सकता है। इसके लिए एक केबल का इस्तेमाल करना होगा। जियो ग्लास में 25 एप्स का सपोर्ट दिया गया है। जियो ग्लास का इस्तेमाल ई-क्लास में होलोग्राफिक्स कंटेंट के लिए भी किया जा सकेगा। हालांकि अभी इसकी कीमत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें