iPhone 8 के लॉन्चिंग सहित जानें इस सप्ताह की टेक्नोलॉजी की बड़ी खबरें

12 सितंबर को आईफोन 7S और S+ के साथ लॉन्च होगा iPhone 8
आईफोन 8 का इंतजार खत्म हो गया है। एप्पल ने अब कन्फर्म कर दिया है कि 12 सितंबर को आईफोन 8 की लॉन्चिंग आईफोन 7एस और आईफोन 7एस प्लस के साथ होगी। 12 सितंबर को होने वाले इवेंट के लिए मीडिया इनवाइट भेजे जा रहे हैं जिसके मुताबिक एप्पल के क्यूपर्टिनो के नए कैंपस के स्टीव जॉब्स थिएटर में इस इवेंट का आयोजन होगा।

BSNL ने लॉन्च किए 19 रुपये और 8 रुपये के प्लान
BSNL ने दो नए प्लान रेट कटर प्लान पेश किए हैं जिनमें 19 रुपये और 8 रुपये के प्लान शामिल हैं। 19 रुपये वाले प्लान में वॉयस कॉलिंग 15 पैसे प्रति मिनट की दर से बीएसएनएल के नेटवर्क पर होगी, जबकि दूसरे नेटवर्क पर कॉलिंग रेट 35 पैसे प्रति मिनट होगी। इस प्लान की वैधता 90 दिनों की है। वहीं 8 रुपये वाले प्लान में भी 19 रुपये वाली ही सुविधाएं मिलेंगी लेकिन इस प्लान की वैधता 30 दिनों की होगी। ये दोनों प्लान देश भर के सभी सर्किल में 4 सितंबर से जारी हो जाएंगे।

IFA 2017: सोनी ने लॉन्च किए Xperia XZ1,XZ1 Compact और XA1 Plus स्मार्टफोन
सोनी ने बर्लिन में चल रहे IFA 2017 में तीन नए स्मार्टफोन पेश किए हैं जिनमें Sony Xperia XZ1, Xperia XZ1 Compact और Xperia XA1 Plus शामिल हैं। सोनी के इन तीनों स्मार्टफोन में मोशनआई कैमरा, 3डी इमेज सेंसिंग, हाई-रेज ऑडियो और एचडीआर डिस्प्ले फीचर दिए गए हैं। साथ ही ये तीनों फोन एंड्रॉयड ओरियो 8.0 के साथ ही बाजार में आएंगे।