Indore News: इंदौर अलीराजपुर से गुजरात तक जुड़ा है अवैध शराब सप्लाई का नेटवर्क, दो तस्करों की गिरफ्तारी
कनाड़िया बायपास पर पकड़े गए शराब से भरे ट्रक के मामले में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को अलीराजपुर से गुजरात तक फैले सप्लाई नेटवर्क के अहम सुराग मिले हैं। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े दो मुख्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर पुलिस ने 24 जुलाई को कनाड़िया बायपास पर पकड़े गए अवैध शराब से भरे ट्रक के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक से लाखों रुपये की अवैध शराब जब्त की थी। इस मामले में पहले आकाश अहिरवार, राहुल नामदेव, दीपांशु और विजय को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने शनिवार को अमितेष नगर निवासी हनी टूटेजा और मोनू उर्फ कृष्णा को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चंदर चौहान और प्रदीप चौहान के नाम बताए हैं। अब पुलिस इन दोनों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, चंदर और प्रदीप अलीराजपुर क्षेत्र में शराब के कारोबार से जुड़े हैं और वहीं से अवैध शराब का नेटवर्क संचालित करते हैं।
पुलिस को आशंका है कि मध्य प्रदेश के इंदौर और आसपास के शहरों के शराब ठेकेदारों से अवैध शराब खरीदी जाती है। इसके बाद छोटे वाहनों के जरिए इसे गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में भेजा जाता है। अलीराजपुर गुजरात की सीमा से सटा हुआ है, जिसके चलते यहां से अवैध शराब की सप्लाई का नेटवर्क संचालित होने की बात सामने आई है।
अलीराजपुर क्षेत्र से गुजरात को जोड़ने वाली कई सीमाएं घने जंगलों से घिरी हुई हैं। अवैध शराब का कारोबार करने वाले लोग इन जंगलों के रास्तों का इस्तेमाल कर शराब गुजरात पहुंचाते हैं। गुजरात में शराब की बिक्री प्रतिबंधित होने के कारण वहां इसकी कीमत अधिक मिलती है।
फिलहाल इंदौर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की खरीद, परिवहन और गुजरात में सप्लाई के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
